खनियाधाना में पहाड़ा प्रतियोगिता बना गणितीय आंदोलन* *प्रतियोगिता के टॉपर बने कक्षा 5 फाटा मुहारी के छात्र सत्यम लोधी जिन्हें 130 तक पहाड़े याद है*

 *खनियाधाना में पहाड़ा प्रतियोगिता बना गणितीय आंदोलन*

 *प्रतियोगिता के टॉपर बने कक्षा 5  फाटा मुहारी के छात्र सत्यम लोधी जिन्हें 130 तक पहाड़े याद है*




*द्वितीय स्थान पर रहे छात्र दिव्यांश लोधी जिन्हें 120 तक पहाड़े याद है*

*विद्यालय से जन शिक्षा केंद्र होते हुए विकासखंड स्तर तक पहुँची प्रतिभा, एसडीएम ने कहा– पहली बार पहाड़ों में देखा ऐसा कौशल*

खनियाधाना (जिला शिवपुरी)।

गणित विषय में बच्चों की स्मरण शक्ति, त्वरित गणना क्षमता एवं आत्मविश्वास को विकसित करने के उद्देश्य से खनियाधाना बीआरसीसी कार्यालय द्वारा आयोजित पहाड़ा, प्रतियोगिता अब एक शैक्षणिक अभियान ,, गणितीय आंदोलन का रूप ले चुकी है। यह प्रतियोगिता विद्यालय स्तर से प्रारंभ होकर जन शिक्षा केंद्र स्तर तथा अंततः विकासखंड स्तर तक चरणबद्ध रूप से सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

प्रथम चरण में सभी शासकीय विद्यालयों में स्कूल स्तर पर प्रतियोगिता संपन्न कराई गई, जिसमें चयनित विद्यार्थियों ने जन शिक्षा केंद्र स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जन शिक्षा केंद्र से चयनित होनहार विद्यार्थियों ने दिनांक 22 जनवरी 2026 को आयोजित विकासखंड स्तरीय पहाड़ा प्रतियोगिता में भाग लेकर खनियाधाना का नाम रोशन किया।

इस विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता को गूगल मीट के माध्यम से  जिले के सभी प्रमुख अधिकारी एवं राज्य शिक्षा के अधिकारियों ने  देखा। बच्चों की गणितीय दक्षता, आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था एवं शिक्षकों की नवाचारपूर्ण पहल की सभी अधिकारियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

130 तक पहाड़े याद कर सत्यम लोधी बने विकासखंड टॉपर

प्राथमिक स्तर पर शासकीय प्राथमिक विद्यालय फाटा मुहारी के कक्षा 5 के छात्र सत्यम लोधी ने 130 तक पहाड़े याद कर प्रथम स्थान प्राप्त कर विकासखंड स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

द्वितीय स्थान पर दिव्यांश लोधी रहे, जिन्हें 120 तक पहाड़े याद हैं।

तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थी को 82 (व्यासी) तक तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त विद्यार्थी को 72 (बहत्तर) तक पहाड़े याद रहे।

अन्य चयनित होनहार विद्यार्थियों ने भी 62 तक पहाड़े याद कर अपनी गणितीय क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

प्राथमिक स्तर चयनित विद्यार्थी

सत्यम लोधी, दिव्यांश लोधी (शा.प्रा.वि. फाटा मुहारी),

कु. चाँदनी झा (शा.प्रा.वि. राधापुर, रिछाई),

कु. अनुष्का पाण्डेय (शा.प्रा.वि. सुलारखुर्द),

प्रिन्स यादव (शा.प्रा.वि. सेकरा),

रामकेश आदिवासी (शा.प्रा.वि. तलाबडेरा)।

माध्यमिक स्तर चयनित विद्यार्थी

कु. अमरवती लोधी (शा.मा.वि. कमालपुर),

मोहित रजक (शा.मा.वि. रिछाई),

देवसेन (शा.मा.वि. ममरोनी),

कु. सोहनी आदिवासी (शा.मा.वि. कमालपुर)।

एसडीएम ममता शाक्य बोलीं – हमारे अनुभाग के बच्चे असाधारण प्रतिभा के धनी

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की आसंदी से बोलते हुए पिछोर एसडीएम श्रीमती ममता शाक्य ने कहा कि “खनियाधाना के बच्चे अद्भुत प्रतिभा के धनी हैं। मैंने पहली बार पहाड़ों में इतना उच्च स्तर का कौशल देखा है। यह गर्व की बात है कि मेरे अनुभाग के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों के बच्चे इतने होनहार हैं। इन बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए सदैव कार्य किया जाएगा।”

डीपीसी बोले – मिशन टीम की मेहनत का परिणाम है यह उपलब्धि

कार्यक्रम में उपस्थित जिला परियोजना समन्वयक श्री दफेदार सिंह सिकरवार ने कहा कि “ खनियाधाना विकासखंड में जिस तरह मिशन की टीम कार्य कर रही है, वह काबिले तारीफ है। बीएसी, सीएसी पूरी तन्मयता और लगन के साथ बीआरसी श्री संजय भदोरिया के साथ कार्य कर रहे हैं, उसी का परिणाम है कि यहां निरंतर नए नवाचार देखने को मिल रहे हैं।”

उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीर्ष विद्यार्थियों को शीघ्र ही जिले में बुलाकर माननीय कलेक्टर महोदय  एवं आदरणीय जिला पंचायत सीईओ सर के हाथों सम्मानित किया जाएगा।

जनपद सीईओ ने बताया – शिक्षा विभाग से निरंतर समन्वय

जनपद सीईओ श्री मोगराज मीणा ने कहा कि “ग्रामीण क्षेत्र में अध्ययनरत बच्चों में अपार प्रतिभा है। शिक्षा विभाग के साथ मेरा निरंतर समन्वय रहता है तथा बच्चों के समग्र, जाति एवं जन्म प्रमाण पत्र शत-प्रतिशत बनने की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। यह कार्यक्रम हमारे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।”

विधायक प्रतिनिधि  राकेश लोधी ने विद्यालय के विकास की जानकारी दी

कार्यक्रम में पिछोर विधायक जी के प्रतिनिधि श्री राकेश लोधी ने कहा कि “खनियाधाना क्षेत्र के विद्यालयों की जीर्णशीर्ण भवन एवं बाउंड्री वॉल के सुधार हेतु विधायक जी द्वारा बड़ी राशि  देने हेतु कार्य किया जा रहा है है और शीघ्र ही यह धरातल पर दिखाई देगा।”

बीआरसी संजय भदोरिया बोले – शिक्षकों की मेहनत से बना रिकॉर्ड

बीआरसी श्री संजय भदोरिया ने कहा कि “विद्यालयों की सफाई, पुताई, नवाचार एवं शिक्षकों की अथक मेहनत से शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसी का परिणाम है कि बच्चों ने 130 तक पहाड़े सुनाकर एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। इसका पूरा श्रेय समर्पित शिक्षकों एवं मिशन टीम को जाता है।”

कार्यक्रम में जन शिक्षा केंद्र से चयनित सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं गिफ्ट प्रदान किए गए। वहीं टॉप टेन विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, गिफ्ट एवं मेडल देकर सम्मानित किया एवं पिछोर विधायक जी की ओर से टॉप टेन विद्यार्थियों को ट्रैकसूट दिए दिए जा रहे है। साथ ही शीर्ष विद्यार्थी को डीपीसी महोदय द्वारा जिला स्तर पर बुलाकर माननीय कलेक्टर महोदय  एवं जिला पंचायत सीईओ सर के साथ चाय पर संवाद का विशेष अवसर प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम प्रभारी ने किया आभार व्यक्त

कार्यक्रम के अंत में पहाड़ा प्रतियोगिता कार्यक्रम के प्रभारी वीएसी श्री हारून खान ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समस्त बीएसी, सीएसी एवं शिक्षक भाई-बहनों के समर्पण एवं बेहतर व्यवस्थाओं के कारण ही यह आयोजन सफल, अनुकरणीय और ऐतिहासिक बन सका।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने